हरदोई में निरीक्षण के दौरान लापरवाही पर भड़के योगी के मंत्री, उद्यान अधिकारी से बोले 15 मिनट में लापरवाह कर्मचारी का सस्पेंशन लेटर भेजो नहीं तो 16 मिनट में मैं तुम्हारा भेजता हूं।
वीडियो शोशल मीडिया पर वायरल,उद्यान विभाग में मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश में आलू किसानों की समस्याओं को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है तो सरकार समस्याओं के निराकरण की कोशिशों में जुटी है लेकिन लापरवाह कर्मचारी सरकार के दावों और वादों की हवा निकालने में जुटे हैं।ऐसे में स्थलीय निरीक्षण करने आए उद्यान राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने एक कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण किया तो मौके पर मौजूद किसानों ने शिकायतों का अंबार लगा दिया और उद्यान विभाग का कर्मचारी भी ड्यूटी से नदारद मिला।जिसके बाद मंत्री दिनेश प्रताप सिंह का पारा सातवें आसमान पर चढ़ गया और उन्होंने मौके पर से ही लखीमपुर के जिला उद्यान अधिकारी को फोन लगाया और कर्मचारी का सस्पेंशन लेटर मांगा।मंत्री ने कहा कि 15 मिनट के अंदर इस कर्मचारी का सस्पेंशन लेटर भेजो नहीं तो 16वें मिनट में मैं तुम्हारा सस्पेंशन लेटर भेजता हूं।जिसके बाद मंत्री ने हरदोई के जिला उद्यान अधिकारी को भी तहसील पर्यवेक्षण के चलते जमकर फटकार लगाई। इस पूरे प्रकरण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
योगी सरकार के उद्यान राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह आज हरदोई में आलू किसानों की समस्याओं को लेकर जिले के दौरे पर थे। मंत्री ने विकास भवन में अधिकारियों ,किसानों और कोल्ड स्टोर संचालकों के साथ समस्याओं के निराकरण के लिए बैठक की।जिसके बाद दिनेश प्रताप सिंह निरीक्षण के लिए सांडी के अश्वनी कुमार कोल्ड स्टोरेज पहुंच गए जहां उन्हें बीती रात से अपने ट्रैक्टर ट्राली लेकर खड़े किसानों की समस्याओं का सामना करना पड़ा।किसानों ने मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को बताया कि किसानों का भंडारण नहीं किया जा रहा है उनका आलू छोटा आलू बता कर वापस किया जा रहा है,लाइन में लगे होने के बावजूद भी उनका आलू कोल्ड स्टोरेज में नहीं रखा जा रहा है वही ड्यूटी पर तैनात उद्यान निरीक्षक अंकित रस्तोगी भी मंत्री को नदारद मिले।आलू किसानों की समस्याओं का निराकरण ना होने और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी के नदारद होने पर मंत्री दिनेश प्रताप सिंह भड़क उठे।मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने मौके से ही जिला उद्यान अधिकारी लखीमपुर को फोन कर खरी खोटी सुनाई और लापरवाह कर्मचारी को सस्पेंड करने और DHO लखीमपुर को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दे दिए।उन्होंने जिला उद्यान अधिकारी लखीमपुर से कहा तुम्हारा कर्मचारी गायब है इसका सस्पेंशन लेटर 15 मिनट के अंदर भेजो नहीं तो 16वें मिनट में तुम्हारा सस्पेंशन लेटर मैं भेज दूंगा।
वहां मौजूद किसानों की तमाम शिकायतों के चलते मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने मौके पर मौजूद जिला उद्यान अधिकारी हरदोई को भी खूब खरी खरी सुनाई , मंत्री ने कहा कि मैं लँगड़ा आदमी साला टूटी टांग लेकर निरीक्षण कर रहा हूँ, हरामखोरी कर रहे हो तुम लोग । मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने शिथिल पर्यवेक्षण के चलते जिला उद्यान अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई और कोल्ड स्टोरेज का लाइसेंस निरस्त करने का भी फरमान जारी कर दिया।पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और आलू किसानों की समस्याओं के साथ अफसरों की लापरवाही भी जगज़ाहिर हो रही है।





