मोहब्बत की नगरी आगरा में एक शर्मनाक मामला सामने आया है।
आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र के गांव अटूस का एक शर्मनाक वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक को बुरी तरह से पीटने के बाद उसके चेहरे पर आरोपी द्वारा पेशाब किया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस तक पहुंचा जिसके बाद इस वीडियो की पड़ताल की गई। पुलिस ने आरोपी और उसके एक साथी को अरेस्ट कर लिया है।
वायरल वीडियो में जो शख्स पेशाब करता हुआ दिखाई दे रहा है उसका नाम आदित्य इंदौलिया है, और जो घायल युवक दिखाई दे रहा है उसका नाम विक्की। विक्की और आदित्य के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। आदित्य ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले तो विक्की की जमकर पिटाई लगाई, उसके बाद उसने विक्की के चेहरे पर पेशाब कर दिया। पुलिस अधिकारियो का कहना है कि आदित्य इंदौलिया किरावली का रहने वाला है, तो विक्की फतेहपुर सीकरी का निवासी है। आरोपी आदित्य का अपराधिक इतिहास है। यह पहले भी जेल जा चुका है। चार दिन पहले भी आरोपी आदित्य ने सिकंदरा स्थित एनडीए स्टूडेंट्स एंड एकेडमी में मारपीट की थी। जिसका मुकदमा थाना सिकंदरा में दर्ज किया गया था।
डीसीपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर उसकी जांच की गई तो पता चला है कि वीडियो तीन से चार महीने पुराना है। लेकिन ये अब वायरल हो रहा है। इस संबंध में किसी भी प्रकार की कोई भी तहरीर कहीं नहीं दी गई है। ऐसे में वीडियो की पड़ताल करने के बाद आरोपी आदित्य और उसका साथी भोला को अरेस्ट किया गया है।





