चंबल एक्सप्रेस की कप्लिंग टूटने से ट्रेन दो हिस्सों में बंटी यात्रियों में मचा कोहराम|
ग्वालियर से हावड़ा जाने वाली चंबल एक्सप्रेस ट्रेन अचानक दो हिस्सों में बंट गई. जिससे यात्रियों में अफरा तफरी मच गई. रेलवे के अधिकारियों को घटना के बारे में पता चला तो फिर रेलवे के तकनीकी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और ट्रेन को जोड़ा गया. जिसके बाद ट्रेन अपने गंतव्य के लिए फिर से रवाना हो गई. जानकारी मिली है कि ट्रेन के प्रेशर पाइप फटने के चलते यह घटना हुई है. वही गनीमत यह रही की ट्रेन की स्पीड धीमी थी वरना बड़ा हादसा हो सकता था। झांसी-प्रयागराज रेल मार्ग के खैराडा और मटौंध स्टेशन के बीच किलोमीटर 1307/9 का है. जहां पर दोपहर लगभग 2:00 बजे ग्वालियर से हावड़ा जा रही चंबल एक्सप्रेस ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई. यात्रियों ने अचानक कुछ टूटने की आवाज सुनी तो अफरा तफरी मच गई. इस दौरान यात्रियों ने देखा की ट्रेन के कुछ डिब्बे इंजन के साथ अलग हो गए और लगभग 300 मीटर आगे चले गए. वहीं लोको पायलट ने घटना की जानकारी अपने अधिकारियों को दी. जिसके बाद रेलवे के तकनीकी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और ट्रेन को फिर से जोड़ा गया और उसे रवाना किया गया. इस दौरान लगभग 34 मिनट तक रेल रूट बाधित रहा।
प्रेशर पाइप फटने से ट्रेन 2 हिस्सों में बंटी
स्टेशन प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया प्रेशर पाइप फटने के चलते ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई थी. जिसमें ट्रेन की तीन बोगियां अलग हो गई थी. जिन्हें हमारे तकनीकी कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर ठीक किया और फिर ट्रेन को रवाना कर दिया गया. इन्होंने बताया कि पूरी घटना में किसी तरह का कोई भी नुकसान नहीं हुआ है. चंबल एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री सुरेश ने बताया कि अचानक ट्रेन में धमाके की आवाज हुई तो हम लोग डर गए. और बाद में पता चला की ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई है. जिसके बाद ट्रेन को जोड़ा गया है और फिर इसे रवाना किया गया है।





