समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि होने वाले लोकसभा चुनाव 2024 सात चरणों में है। चुनाव आयोग की घोषणा का स्वागत है। सात चरणों के चुनाव दरअसल दुःख, दर्द और दमन का प्रतीक बन चुकी भाजपा सरकार की सात चरणों में हो रही विदाई की क्रोनोलॉजी है। जनता इन सात चरणों के चुनाव में भाजपा को हरायेगी और भाजपा की केन्द्र सरकार को हटायेगी। यही एक मात्र जनता की इच्छा और आकांक्षा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार के 10 वर्ष जनता के लिए परेशानी और यंत्रणा भरे रहे हैं। महंगाई, भ्रष्टाचार, अन्याय और अत्याचार सरकार का अभिन्न अंग बन गए हैं। पुलिस प्रशासन बेलगाम है। पुलिस हिरासत में लोगों की मौते हो रही है। महिलाएं एवं बच्चियां अपमानित और असुरक्षित है। डबल इंजन भाजपा सरकार में देश और प्रदेश का विकास नहीं हुआ।
अखिलेश यादव ने कहा कि किसान हो या नौजवान सभी भाजपा सरकार में उपेक्षित है। किसान लगातार आंदोलित है। किसानों को उनकी फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारन्टी नहीं दी जा रही है। एमएसपी की मांग कर रहे सैकड़ों किसानों की मौत हो चुकी है। भाजपा सरकार किसानों से बात करने के बजाय उनके रास्ते में कील कांटे लगा रही है। नौजवानों का भविष्य अंधेरे में है। हर वर्ष 2 करोड़ नौकरी देने का वादा करने वाली भाजपा सरकार लोगों की नौकरी छीनने का काम करती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की अहंकारी सत्ता का जवाब समाजवादी पीडीए इंडिया गठबंधन है। देशवासी जानते हैं कि भाजपा सरकार के रहते न तो उनके अधिकार बचेंगे न ही उनका सम्मान बचेगा। आरक्षण व्यवस्था समाप्त हो जाएगी। देश की सम्पत्ति चंद पूंजीपति मित्रों को बेची जा रही है। संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिए उत्तर प्रदेश की जनता इस बार 80 हराओ, भाजपा हटाओ का संकल्प ले चुकी है।





