आखिरकार पकड़ा गया खूंखार तेंदुआ, दिन भर वन विभाग और पुलिस को दौड़ाता रहा तेंदुआ
मेरठ के कैंट इलाके में कसेरूखेड़ा में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ दिनदहाड़े एक घर में घुस गया। तेंदुआ मकान के बरामदे में पहुंच गया जबकि परिवार अंदर कमरे में ही था। परिजनों ने तेंदुआ दिखते ही कमरे का दरवाजा लगा लिया। वहीं सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई और मकान का चारों ओर से जाल से घेर लिया। उधर इलाके में तेंदुए की सूचना पर लोगों में हड़कंप मच गया। देर शाम वन विभाग की टीम का सफलता मिली और तेंदुए को पिंजरे में कैद कर ले जाया गया।
दरअसल, छावनी इलाके में तेंदुए देखे जाने के बाद इसकी सूचना मेरठ की लालकुर्ती थाना पुलिस को दी गई। लालकुर्ती पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इसके बाद तेंदुआ क्षेत्र के रहने वाले समीर के घर में घुस गया। घर में समीर के दो बच्चे और समीर की सास कमरे में बंद थे। कमरे के बाहर ही बरामदे में तेंदुआ बैठ गया। वन कर्मियों ने घर को चारों ओर से जाल डालकर बंद किया गया। जाल डालने के दौरान तेंदुए ने क्षेत्र के अंगद नाम के युवक को पंजा मारकर घायल भी कर दिया। तेंदुए को रेस्क्यू करने का अभियान शाम तक जारी रहा।
वन विभाग ने तेंदुए को ट्रैकुलाइज करने की पूरी तैयारी कर रखी थी। वनकर्मी बंदूक ताने खड़े रहे लेकिन अभी उसे पकड़ा नहीं जा सका था। तेंदुए को बाहर लाने के लिए मुर्गा भी लाया गया। वन विभाग के अधिकारी सहित लालकुर्ती थाना पुलिस तेंदुए को पकड़ने में लगी रही। टीम ने जाल बिछाया हुआ था और तेंदुए को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे थे। बताया गया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लाया गया है। आखिरकार शाम होने तक टीम को सफलता मिली।
शाम साढ़े छह बजे वन विभाग की टीम को सफलता मिली और तेंदुए को पिंजरे में कैद कर लिया गया। वहीं मौके पर भारी संख्या में लोग एकत्र हो गए। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली।





