अँधेरे में प्रसव टॉर्च की रौशनी में निरीक्षण, विधायक सुरभि के क्षेत्र में अस्पताल की स्थिति ने किया शर्मसार, वायरल वीडियो से बदनामी होती देख उलटे पाँव दौड़े सीएमओ
जिले के स्वास्थ्य केंद्रों पर घोर बदइंतजामी ने शर्मशार कर दिया है। लोहिया अस्पताल में डाक्टरों की लापरवाही से दो बच्चों की मौत की घटना शर्मशार करने वाली है ही, कायमगंज सीएचसी पर पर टोर्च की रौशनी में प्रसव भी कम शर्मनाक स्थिति नहीं है. यह स्थितियां जिले के अस्पतालों में चल रहे जंगलराज को बताने के लिए काफी हैं। तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने पर सीएमओ डाक्टर अवनींद्र कुमार कायमगंज सीएचसी पहुंचे तो महिला वार्ड के निरिक्षण के लिए उनके स्टाफ को भी मोबाइल की टार्च खोलनी पड़ी. सीएमओ ने सख्त कदम उठाने की बात कही है।
कायमगंज की भाजपा- अपना दल विधायक डाक्टर सुरभि के क्षेत्र के सबसे महत्वपूर्ण कायमगंज अस्पताल का हाल ख़राब है।यहाँ की बदइंतजामी की गवाह महसोना का रहने वाला विमलेश है. विमलेश अपनी भाभी को यहाँ प्रसव के लिए लाकर बुरा फंस गया। महिला वार्ड के प्रसव कक्ष में घने अँधेरे के बीच टोर्च की रौशनी में डाक्टर में प्रसव तो करा दिया पर बाद की चिकित्सा क्रिया के लिए महिला को उसी हाल पर छोड़ दिया। तस्वीरें गवाह हैं कि महिला अस्पताल के प्रसव कक्ष में अँधेरे के अलावा कुछ नहीं दिख रहा है।महकमे की बदनामी होती देख सीएमओ खुद कायमगंज सीएचसी पहुंचे। सीएमओ को निरीक्षण के लिए भी अँधेरे से ही गुजरना पड़ा, उनके स्टाफ ने मोबाइल टार्च की रौशनी में रास्ता दिखाया। फिलहाल सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी को रिलीव करा दिया है. साथ ही महिला वार्ड में इन्वर्टर लगवाने के आदेश कर दिए हैं।





