50 लाख रुपये के साथ 5 हवाला कारोबारी गिरफ्तार, आधा दर्जन जिलों में खपाते थे हवाला की रकम, कूट रचित आधार कार्ड व दो लग्जरी चार पहिया वाहन बरामद
आजमगढ़ की मुबारकपुर थाने की पुलिस ने थाना क्षेत्र के बम्हौर अंडर पास से 5 हवाला कारोबारियों को दबोचा लिया है। उनके पास से 50 लाख रुपये, कूट रचित आधार कार्ड, दो लग्जरी चार पहिया वाहन बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार हवाला कारोबारियों के पास से बरामद कूटरचित आधार कार्ड से ये लोग हवाला का कारोबार करते हैं,इस मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि थाना प्रभारी निरीक्षक मुबारकपुर अपने हमराहियों के साथ सठियांव अंडर पास के पास चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुबारकपुर बाजार से बम्हौर की तरफ चार पहिया वाहन से हवाला का कारोबार करने वाले शाहगढ़ की तरफ जा रहे हैं। पुलिस टीम द्वारा बम्हौर अंडरपास के पास उस वाहन का इंतजार करने लगे, उसी दौरान चार पहिया वाहन कार से कुछ लोग आते दिखाई दिये। पुलिस के रोकने पर गाड़ी घुमाकर भागने का प्रयास करने लगे कि पुलिस ने उनका पीछा करके कुछ दूर पर उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार में मुहम्मद अंजर व मुहम्मद आसिफ निवासीगण ककरहटा थाना कोतवाली के पास से 50 लाख रूपये नकद बरामद किया गया। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ के दौरान जानकारी हुई की बरामद रुपये अब्दुल मन्नान, नजीब अख्तर निवासी कटरा मुबारकपुर व आफताब अली निवासी इसरौली, थाना सरायमीर को देने के लिए ले जा रहे थे। अंजर और आसिफ की निशानदेही पर अन्य तीनों को सरायमीर में उनके घर से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि सभी लोग हवाला का काम करते हैं, हवाला के रुपये आज़मगढ़ सहित गोरखपुर, बहराइच, देवरिया, अयोध्या, मऊ, जौनपुर सहित विभिन्न जनपदों में खपाते हैं। आफताब अहमद उर्फ अफ्तू का विदेश में जान पहचान है आजमगढ़ में मुख्य रूप से मुजीब, आफताब अहमद उर्फ अफ्तू ही हवाला कारोबारियों के सरगना हैं। इनके पास से बरामद नगदी के अलावा फर्जी आधार कार्ड, चार पहिया दो वाहन के आधार पर मुकदमा पंजीकृत करते हुए अभियुक्तों को जेल भेंजा गया। एएसपी ने बताया कि आफताब अली के लड़के जो विदेश में रहता है वहां से वह संचालित करता है। यहां पर नजीब अख्तर के दो भाई हैं जिनका सोने तथा कपड़े का कारोबार है, जो एक्सचेंज के रूप में ये लोग प्रयोग करते थे। गिरफ्तार अभियुक्तों से हुई पूछताछ में अन्य तथ्य तथा कई लोगों का नाम प्रकाश आया है, जिसकी विवेचना कर वैधानिक कठोर कार्यवाही की जायेगी।





