हरदोई में गैंगरेप से बचने को दो मंजिला छत से छात्रा ने लगा दी छलांग
यूपी पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रही है छात्रा
साथी ने नशीला रसगुल्ला खिलाया फिर बंद घर में ले गया
यू पी के हरदोई में कोचिंग जा रही छात्रा को एक युवक ने बहाने से नशीला रसगुल्ला खिला दिया। इसके बाद हाईवे स्थित बंद पड़े मकान में ले गया। आरोप है कि वहां युवक ने अपने साथियों संग छात्रा के साथ गैंगरेप का प्रयास किया।
इसके बाद युवती ने किसी तरह खुद को बचाया और घर की सीढ़ी के सहारे छत पर चली गई। यहां से उसने अपनी आबरू बचाने के लिए छलांग लगा दी।इससे छात्रा बुरी तरह जख्मी हो गई। मौके से गुजर रहे लोगों ने दर्द के कराह रही युवती को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया है। यहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पूरा मामला हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र का है।
पीड़िता हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक गांव की रहने वाली 19 साल की छात्रा है। वह BSC फर्स्ट ईयर में है। शाम करीब पौने आठ बजे छात्रा को लहूलुहान स्थिति में जिला अस्पताल लाया गया। छात्रा की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। इमरजेंसी वार्ड में उसका इलाज चल रहा है।मौके पर मौजूद परिजनों के मुताबिक छात्रा यूपी पुलिस में कॉन्स्टेबल परीक्षा की तैयारी कर रही थी। इसी पुलिस भर्ती की कोचिंग के लिए वह हरपालपुर कस्बे में एक इंस्टीट्यूट में पढ़ने जाती थी। शनिवार को कोचिंग पढ़ने गई थी। वह शाम को सात बजे तक घर आ जाती थी।लेकिन आज शाम हरपालपुर में पुराना नखासा वाले गेट के पास बरनई चतरखा निवासी उसका सहपाठी युवक बाइक से पहुंचा। आरोप है कि उसने छात्रा को बहाने से नशीला रसगुल्ला खिला दिया। इसके बाद उसे बाइक पर बैठा कर बिल्हौर-कटरा हाई-वे पर अपने बन्द मकान में ले गया।
छात्रा के भाई और पिता के अनुसार युवक और उसके कुछ साथियों ने छात्रा के साथ गैंगरेप का प्रयास किया। छात्रा ने खुद को बचाने के लिए मकान की छत की तरफ दौड़ी और दो मंजिला छत से नीचे छलांग लगा दी। पिता ने कहा, "मेरी घायल बेटी ने बताया कि उसकी कोचिंग में पढ़ने वाला छात्र एक घर में ले गया था। यहां करीब पांच लड़के थे। वो लोग मेरे साथ गलत करने वाले थे। घर का दरवाजा बंद था, उनसे बचने के लिए मैं छत पर गई, ये लोग वहां भी आ गए, तो मैं छत से कूद गई।''पूरे मामले में पुलिस गोलमोल जवाब देने में जुटी है।पुलिस अधीक्षक केशव चंद्र गोस्वामी के अनुसार छात्रा को कुछ लोगों द्वारा फेंका जाना बताया गया है।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर से छात्रा को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक केशव चंद्र गोस्वामी ने कहा, 'घायल अवस्था में लड़की पाई गई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसे छत से फेंक दिया गया था। तहरीर प्राप्त कर ली गई है। विधिक कार्रवाई की जा रही है। तहरीर की जांच की जा रही है।





