सुल्तानपुर में उपचुनाव से पहले बटी शराब की बोतल, VIDEO: ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को पकड़कर किया पुलिस के हवाले, जांच शुरू
सुल्तानपुर में ग्राम पंचायत उपचुनाव से ठीक पहले वोटरों को लुभाने के लिए अंग्रेजी शराब बाटी गई। जिसका वीडियो सामने आया है। प्रधान पद के उम्मीदवार पर शराब बटवाने का आरोप लगा है। हालांकि जिला प्रशासन के अधिकारियों ने रटा रटाया जवाब दिया है कि जांच के बाद कार्रवाई होगी। मामला धम्मौर थाना अंतर्गत ग्राम सभा बुकुनपुर के करमचंदपुर गांव का है।
चुनाव आयोग भले ही निष्पक्ष चुनाव की बात करता हो लेकिन जिले के अंदर वायरल वीडियो ने उस निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअस्ल कुड़वार ब्लॉक के ग्राम सभा बुकुनपुर में दो राजस्व ग्राम समाहित हैं। ग्राम सभा बुकुनपुर बंधुआकला थाना के अंतर्गत व करमचंदपुर धम्मौर थाना के अंतर्गत आता है। स्थानीय लोगों का ने एक व्यक्ति को शराब वितरण करते हुए रंगे हाथ पकड़ा है, लोगों ने पकड़े गए व्यक्ति के बारे में धम्मौर थाने की पुलिस को सूचना दी।प्रत्याशी सद्दीक का आरोप है कि पूर्व प्रधान प्रत्याशी द्वारा जनता को लालच देकर वोट खरीदने की कोशिश की जा रही है। प्रधानी के उपचुनाव में प्रत्याशियों द्वारा मतदाताओं की खरीद फरोख्त की कोशिश ने प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया है।
बता दें कि मंगलवार सुबह यहां मतदान होना है। इस मामले में एसडीएम सदर विपिन कुमार द्विवेदी ने रटे रटाए अंदाज में जवाब दिया कि जांच पड़ताल के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।





