समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज कन्नौज में पूर्व विधायक कल्याण सिंह दोहरे की माताजी के निधन पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धांजलि दी और परिजनों को सांत्वना दी।
अखिलेश यादव ने कहा कि कन्नौज क्षेत्र से समाजवादियों का बहुत पुराना और मजबूत रिश्ता है। कन्नौज के लोगों ने हमेशा समाजवादियों को आगे बढ़ाने का काम किया। इस अवसर पर पत्रकारों से बात करते हुए श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार हर मामले में फेल है। इसीलिए मुख्यमंत्री जी इधर-उधर की बातें करते हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि सभी जानते हैं कि जब सदमा लगता है तो लोग कुछ का कुछ बोलने लगते हैं। लाल रंग को समझना पड़ेगा। लाल रंग क्रांति का है। लाल रंग इमोशन का है, मेल मिलाप का है। लाल रंग खुशी का है। मुख्यमंत्री जी लाल रंग और इमोशन को नहीं समझ सकते है। मुख्यमंत्री जी लोकसभा चुनाव के हार के सदमे से नहीं उबर पा रहे हैं। जनता से भयभीत हैं। इसीलिए उन्हें हर जगह लाल-लाल दिखाई दे रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षा-स्वास्थ्य समेत हर व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। अस्पतालों में गरीबों को इलाज नहीं मिल रहा है। जनता परेशान है। शिक्षा व्यवस्था चौपट है। महंगाई बढ़ रही है, बेरोजगारी रिकार्ड स्तर पर है। सरकार के पास जवाब नहीं है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। बेटियों के साथ हर दिन घटनाएं हो रही है। कन्नौज, फर्रुखाबाद समेत तमाम जिलों में घटनाएं हुई। व्यापारियों से लूट हो रही है। व्यापारी और बेटियां डरी हुई है। सुल्तानपुर में दिन दहाड़े करोड़ों की लूट हुई और जिलों में लगातार घटनाएं हो रही है।





