बदनीयती से महिला को दिया लिफ़्ट, नियत ख़राब देख चलती बाइक से कूद कर बचाई आबरू
कौशांबी ज़िले में महिला को लिफ्ट देने के बहाने बाइक सवार युवक ने अगवा करने का प्रयास किया। युवक की नीयत खराब देख महिला शोर मचाते हुए बाइक से कूद गई। आस-पास रहे लोगो ने आरोपी को दौड़ाया तो वह बाइक छोड़कर भाग गया। घटना में गंभीर रूप से जख्मी महिला को इलाज के लिए एसआरएन प्रयागराज में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के मझियावां गांव की रहने वाली 50 वर्षीय राम कन्या पत्नी विजय मेडिकल कॉलेज में भर्ती रिश्तेदार को देखने मंझनपुर गयी थी। शाम को रिश्तेदार ने उसे गुवारा गाँव तक छोड़ दिया। इसके बाद वह भरवारी की तरफ जा रहे एक अजनबी बाइक सवार से लिफ्ट लेकर अपने गांव मझियावां जा रही थी। रात करीब साढ़े आठ बजे बाइक सवार उसे मझियावां गांव में उतारने के बजाय आगे बढ़ गया। महिला ने बाइक रोकने के लिए कहा तो उसने रफ्तार और बढ़ा दी। बाइक सवार की नीयत खराब देख राम कन्या शोर मचाते हुए बाइक से कूद गई। शोरगुल सुन स्थानीय लोगों ने बाइक सवार का पीछा किया तो आरोपी युवक भरवारी स्थित पानी टंकी के पास गाड़ी छोड़ कर भाग गया। उधर, ग्रामीणों ने बाइक से कूदकर जख्मी हुई महिला को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। हालत गंभीर होती देख चिकित्सकों ने उसे एसआरएन प्रयागराज रेफर कर दिया। सूचना के बाद कोतवाली पुलिस मौका पर पहुच कर तफ़्तीश की, और बाइक को कब्जे में ले ली। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।





