यूट्यूबर ने फेमस होने के लिए CO को हड़काया...सीएम योगी-DGP का दिया हवाला, अब हुआ गिरफ्तार
यूपी कि संभल पुलिस ने एक यूट्यूबर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यूट्यूबर ने इंटरव्यू देने के लिए सीओ अनुज चौधरी को धमकाया था. धमकी देने के लिए उसने सीएम योगी आदित्यनाथ और डीजीपी प्रशांत कुमार के नाम का प्रयोग किया था। फिलहाल, आरोपी को जेल भेज दिया गया है. उसका कहना है कि संभल के सीओ का इंटरव्यू लेकर वह फेमस होना चाहता था। यूट्यूबर का नाम मशकूर रजा दादा है. बताया जा रहा है कि संभल में 24 नवंबर को हुई हिंसा के मामले उसने CO अनुज चौधरी को फोन कर इंटरव्यू देने की बात कही, जिस पर CO ने मना कर दिया. मगर इसके बाद भी यूट्यूबर नहीं माना और सीओ को लगातार फोन कर इंटरव्यू देने की जिद करने लगा. इस बीच कहासुनी हो गई, जिसपर यूट्यूबर सीओ को फोन पर ही हड़काने लगा। आरोप है कि मशकूर रजा दादा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रशांत कुमार के नाम का इस्तेमाल करके संभल के सर्किल ऑफिसर अनुज कुमार चौधरी पर दबाव बनाया. मशकूर रजा 24 नवंबर को संभल में हुई हिंसा के संबंध में चौधरी का साक्षात्कार लेना चाहता था. बाद में उसने इस फोन कॉल का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। संभल कोतवाली के स्टेशन ऑफिसर अनुज कुमार तोमर ने कहा- मशकूर रजा दादा पर सार्वजनिक शांति भंग करने का मामला दर्ज किया गया है. वह सीओ पर साक्षात्कार के लिए दबाव बना रहे थे और जब उनका अनुरोध अस्वीकार कर दिया गया तो सीओ को धमकी दी. आरोपों के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।





