- जी. डी. गोयंका स्कूल बस्ती में ग्रेजुएशन सेरेमनी का भव्य एवं सफल आयोजन ।
बस्ती के प्रतिष्ठित विद्यालय जीडी गोयंका बस्ती में कक्षा 2 के विद्यार्थियों की ग्रेजुएशन सेरेमनी (दीक्षांत समारोह) बड़े हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्वागत गीत के साथ हुआ। एलकेजी की निज़ालिया ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया । इसके पश्चात पुलकित सावलानी और अन्या सूर्यवंशी के कुशल मंच संचालन में नन्हे - मुन्ने बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं । कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों द्वारा एक लघु नाटिका प्रस्तुत की गई जिसमें पहले और आज के समय का अंतर दर्शाया गया। बच्चों ने दिखाया कि पहले आपस में प्रेम और सहयोग की भावना अधिक होती थी।लोग परिवार के साथ समय बिताते थे, पर आज बढ़ते तकनीक के कारण लोग व्यस्त हो गए हैं तथा समय का अभाव हो गया है। इस नाटिका के जीवंत अभिनय ने उपस्थित सभी अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ग्रेजुएशन सेरेमनी के अंतर्गत विद्यार्थियों को ग्रेजुएशन कैप पहनकर सम्मानित किया गया तथा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।यह क्षण बच्चों एवं उनके अभिभावकों के लिए अत्यंत भावुक एवं गर्वपूर्ण रहा । विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती हुमा वसीम ने अपने संबोधन में बच्चों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षकों एवं अभिभावकों के सहयोग की सराहना की। कक्षा 2 के रेयान और यूकेजी की खदीजा ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। अंत में कक्षा 2 की अध्यापिका श्रीमती मेविस के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ ।





