Type Here to Get Search Results !

बस्ती के डॉ वीके वर्मा ने रचा इतिहास

 बस्ती जिला अस्पताल में आयुष चिकित्साधिकारी डॉ. वीके वर्मा की सेवा का अनोखा रिकॉर्ड



बस्ती। जिला चिकित्सालय बस्ती में हाल ही में स्वास्थ्य विभाग लखनऊ की एक निरीक्षण टीम पहुंची, जिसने अस्पताल की व्यवस्थाओं और चिकित्सकीय सेवाओं का जायजा लिया। टीम ने सबसे पहले ओपीडी (आउट पेशेंट डिपार्टमेंट) का निरीक्षण करते हुए डॉक्टरों के चेंबर में जाकर मरीजों के रजिस्टर की जांच शुरू की।

निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि अधिकांश डॉक्टरों ने उस दिन 10 से 15 मरीजों को ही देखा था। लेकिन जैसे ही टीम आयुष चिकित्साधिकारी डॉ. वीके वर्मा के चेंबर में पहुंची और रजिस्टर का अवलोकन किया, तो सभी चकित रह गए। रजिस्टर के अनुसार, डॉ. वर्मा उस समय तक 70 से अधिक मरीजों को देख चुके थे, जो अन्य चिकित्सकों की तुलना में कई गुना अधिक था।

टीम के सदस्यों ने डॉ. वर्मा से बातचीत कर इस बारे में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मरीजों की बढ़ती संख्या और उनकी समस्याओं को देखते हुए वह लगातार सेवा देने में जुटे रहते हैं। टीम ने भी स्वीकार किया कि जनपद में एक दिन में सबसे अधिक मरीज देखने का रिकॉर्ड डॉ. वर्मा के नाम है, जो उनकी कार्यनिष्ठा और समर्पण को दर्शाता है।

बताया जाता है कि डॉ. वीके वर्मा वर्मा अब तक जिला चिकित्सालय में 5 लाख से अधिक मरीजों का उपचार कर चुके हैं, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। उनकी चिकित्सा सेवा के साथ-साथ साहित्य के क्षेत्र में भी विशेष रुचि है। उनकी कई पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जिन्हें पाठकों द्वारा सराहा गया है।

डॉ. वर्मा केवल एक कुशल चिकित्सक ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं। वह प्रेस क्लब बस्ती के उपाध्यक्ष के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं और समाजसेवा में उनका योगदान उल्लेखनीय है।

उनकी निष्ठा, सेवा भावना और बहुमुखी प्रतिभा उन्हें जिले में एक विशिष्ट पहचान दिलाती है। डॉ. वर्मा ने अपने कार्यों से यह साबित कर दिया है कि सच्ची लगन और समर्पण से समाज की सेवा करते हुए अलग मुकाम हासिल किया जा सकता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad