Type Here to Get Search Results !

टैक्स निर्धारण को लेकर ईओ ने किया बैठक



नगर पालिका प्रशासन और उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के बीच कर (Tax) निर्धारण पर बनी सहमति; 26 मार्च को विभिन्न वार्डों में लगेंगे कैंप

बस्ती। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष  जगदीश अग्रहरि के नेतृत्व में व्यापारी प्रतिनिधियों के एक शिष्टमंडल ने नगर पालिका परिषद बस्ती के अधिशासी अधिकारी  अंगद गुप्ता से उनके कार्यालय में कर निर्धारण के संबंध में विस्तृत वार्ता की।

बैठक के दौरान अधिशासी अधिकारी ने व्यापारियों को स्पष्ट किया कि नगर पालिका द्वारा लगाया गया कर शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप है। उन्होंने आंकड़ों के माध्यम से अवगत कराया कि अन्य मंडलों की तुलना में बस्ती नगर पालिका द्वारा सबसे कम टैक्स लगाया गया है। साथ ही यह भी अवगत कराया कि नगर पालिक परिषद गोण्डा, आजमगढ़ व देवरिया की तुलना में नगर पालिक परिषद बस्ती द्वारा कम टैक्स आरोपित किया गया है व लगभग 7000 से अधिक भवन स्वामियों व व्यापारियों द्वारा टैक्स भी जमा किया जा चुका है । वस्तुस्थिति स्पष्ट होने के बाद उपस्थित समस्त व्यापारी बंधुओं ने नगर पालिका के इस कदम पर अपनी सहमति जताई।

व्यापारियों की मांग पर कैंपों का आयोजन

व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश अग्रहरि ने मांग की कि टैक्स से संबंधित समस्याओं के समाधान और जागरूकता के लिए वार्डों में विशेष कैंप आयोजित किए जाएं। इस मांग को सहर्ष स्वीकार करते हुए अधिशासी अधिकारी ने घोषणा की कि आगामी 26 मार्च 2026 को नगर के प्रमुख स्थलों जैसे गांधी नगर, मंगल बाजार, मालवीय रोड, कंपनी बाग और करवा बाबा पर नगर पालिका द्वारा कैंप लगाए जाएंगे।

भ्रामक खबरों से रहें सावधान

अधिशासी अधिकारी ने व्यापारियों से अपील की कि वे टैक्स के संबंध में फैल रही किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें। उन्होंने व्यापार मंडल से भी इस दिशा में जागरूकता फैलाने की अपेक्षा की।

बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित रहे:

बैठक में कर निर्धारण अधिकारी उदय भान, जगदीश अग्रहरि (प्रदेश उपाध्यक्ष), रविंद्र कश्यप (जिला उपाध्यक्ष), आकाश कसौधन (जिला उपाध्यक्ष), अरविंद चौधरी (युवा जिला अध्यक्ष), संजय गुप्ता (नगर अध्यक्ष), संत कुमार गुप्ता (नगर महामंत्री), संजय अग्रहरि, पवन अग्रहरि, वीरेंद्र बरनवाल, रितिक कसौधन, आदर्श पाठक, प्रमोद गुप्ता, उमाशंकर गुप्ता, रवि शर्मा, गुलजार अहमद, अर्पित सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यापारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad