Type Here to Get Search Results !

कर्मा देवी में विशेषज्ञों ने भविष्य की शिक्षा पर किया मंथन

कर्मा देवी समूह के प्रोफेशनल एनरिचमेंट कॉन्क्लेव का समापन, 

भविष्य की शिक्षा और नवाचार पर हुआ मंथन

विशेषज्ञों ने शिक्षकों को नवाचार, एआई और प्रभावी शिक्षण के लिए किया प्रेरित, उत्कृष्ट शोध पत्रों को मिला सम्मान।



बस्ती। कर्मा देवी शैक्षणिक समूह द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रोफेशनल एनरिचमेंट कॉन्क्लेव-2026 का शनिवार को प्रेरणादायी सत्रों एवं सम्मान समारोह के साथ समापन हुआ। दूसरे दिन देश के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों एवं विशेषज्ञों ने शिक्षकों को भविष्य की शिक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नेतृत्व और नवाचार आधारित शिक्षण पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में समूह के चेयरमैन (सेवानिवृत्त आईएएस) ओ.एन. सिंह एवं कार्यकारी निदेशक अंशु सिंह गौतम की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कॉन्क्लेव के विशेष सत्र में मुख्य सूचना अधिकारी (सीआईओ) यजुवेंद्र विक्रम सिंह ने संगठनात्मक संस्कृति और नेतृत्व पर विचार साझा करते हुए कहा कि " संस्कृति दीवारों पर लिखी नहीं जाती, बल्कि उसे जिया जाता है।" उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, सकारात्मक सोच और जीवन मूल्यों के विकास पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता डॉ. अशोक कुमार पांडेय (सह-अध्यक्ष, एनएमएम इम्प्लीमेंटेशन कमेटी एवं निदेशक, अहल्कॉन ग्रुप ऑफ स्कूल्स) ने "भविष्य के लिए उद्देश्य, चरित्र और क्षमता का विकास" विषय पर कहा कि शिक्षक केवल विषय विशेषज्ञ नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत भी होते हैं। वहीं आईआईआईटी लखनऊ की सहायक प्रोफेसर डॉ. बिंदु सिंह ने एआई युग में नवाचारी सोच विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि भविष्य में रचनात्मकता, समस्या समाधान क्षमता और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति सबसे महत्वपूर्ण होगी।

कॉन्क्लेव में "री-राइटिंग द ह्यूमन एल्गोरिद्म" विषय पर पैनल चर्चा आयोजित की गई। कार्यक्रम के दौरान कर्मा देवी शैक्षणिक समूह एवं जीडी गोयनका स्कूल, बरेली के शिक्षकों ने विभिन्न समसामयिक विषयों पर शोध पत्र प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट प्रस्तुतियों का मूल्यांकन कर बेस्ट रिसर्च पेपर, बेस्ट केस स्टडी, मोस्ट इनोवेटिव प्रैक्टिस, बेस्ट एनईपी-अलाइनड इनिशिएटिव, बेस्ट प्रेजेंटेशन बाय ए यंग एजुकेटर तथा चेयरमैन्स अवॉर्ड फॉर एजुकेशनल एक्सीलेंस सहित विभिन्न श्रेणियों में सम्मान प्रदान किए गए।

समापन सत्र में डीन एकेडमिक्स आदित्य विक्रम सिंह ने कहा कि यह कॉन्क्लेव शिक्षकों के लिए सीखने, संवाद और नवाचार का प्रभावी मंच है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों एवं विशेषज्ञों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कर्मा देवी समूह भविष्य में भी शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन करता रहेगा।

दो दिवसीय प्रोफेशनल एनरिचमेंट कॉन्क्लेव-2026 ने शिक्षकों को नई सोच, आधुनिक तकनीकों और प्रभावी शिक्षण के नए आयामों से जोड़ने का सफल प्रयास किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad