100 छात्राओं को मिला निशुल्क टैबलेट, डिजिटल शिक्षा को मिला बढ़ावा मनीष
शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक की बढ़ती भूमिका को देखते हुए जिले में एक प्रेरणादायक पहल सामने आई है। सामाजिक संस्था पहल के संस्थापक मनीष मिश्रा ने बस्ती जिले की 100 छात्राओं को निशुल्क टैबलेट वितरित किए। मनीष मिश्रा ने कहा पहल का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना, उन्हें तकनीकी रूप से सशक्त बनाना और आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों तक उनकी आसान पहुंच सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला। टैबलेट वितरण के साथ ही छात्राओं को डिजिटल शिक्षा के महत्व और उसके उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि बदलते समय में शिक्षा का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से अध्ययन की नई संभावनाएं खुल रही हैं। संस्था की ओर से छात्राओं को विभिन्न डिजिटल लर्निंग एप, ऑनलाइन अध्ययन सामग्री और शैक्षणिक प्लेटफॉर्म की जानकारी भी दी गई, ताकि वे अपनी पढ़ाई को अधिक प्रभावी बना सकें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थापक मनीष मिश्रा ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि यदि बेटियों को आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साधन उपलब्ध कराए जाएं तो वे न केवल अपने जीवन में सफल होंगी बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी अहम भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने संकल्प जताया कि उनका लक्ष्य बस्ती जिले को शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। "बेटियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना आज समय की मांग है, क्योंकि जब बेटियां आगे बढ़ती हैं तो परिवार, समाज और देश भी आगे बढ़ता है"। उन्होंने कहा कि संस्था आगे भी जरूरतमंद और मेधावी छात्राओं को हर संभव सहायता प्रदान करती रहेगी।
इस अवसर पर समाजसेवी जेडी मिश्रा, संजय मिश्रा, आलोक पांडे सहित संस्था के पदाधिकारी, शिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
टैबलेट प्राप्त करने वाली छात्राओं ने खुशी जताते हुए कहा कि अब प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, ऑनलाइन कक्षाओं और अध्ययन सामग्री तक उनकी पहुंच आसान हो जाएगी।






