एथेनॉल फैक्ट्री सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल
बस्ती जनपद के रुधौली तहसील के दसिया में प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री को लेकर चल रहे विरोध और आशंकाओं के बीच फैक्ट्री प्रबंधन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर अपना पक्ष विस्तार से रखा,प्रेस वार्ता के दौरान फैक्ट्री के डायरेक्टर रोहन जायसवाल ने भू-संरक्षण,पर्यावरण सुरक्षा,रोजगार और किसानों से जुड़े मुद्दों पर बेबाकी से जवाब देते हुए कहा कि परियोजना पूरी तरह से सरकारी मानकों के अनुरूप स्थापित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि फैक्ट्री से निकलने वाले अपशिष्ट (कचरे) के सुरक्षित निस्तारण की समुचित व्यवस्था की गई है और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन किया जाएगा,डायरेक्टर ने कहा कि एथेनॉल उत्पादन बढ़ने से देश की क्रूड ऑयल पर निर्भरता कम होगी, जिससे ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।
रोहन जायसवाल ने बताया कि फैक्ट्री की स्थापना के लिए सभी संबंधित विभागों से एनओसी प्राप्त किए जा चुके हैं,उन्होंने इस परियोजना को भारत सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट बताते हुए कहा कि वर्ष 2022 में फैक्ट्री स्थापना का कार्य शुरू हुआ था और भूमि संबंधी प्रक्रिया के दौरान किसानों को नियमानुसार भुगतान भी किया गया है,प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी दावा किया गया कि फैक्ट्री के संचालन से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 600 से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे,जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, इस दौरान फैक्ट्री की टेक्निकल टीम भी मौजूद रही,जिसने परियोजना की तकनीकी और पर्यावरणीय व्यवस्थाओं की जानकारी दी।





