ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक सड़क हादसों में घायलों को देंगे निःशुल्क प्राथमिक उपचार, अस्पताल पहुंचाने की भी करेंगे पहल
ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक शनिवार को बस्ती के एक निजी अस्पताल में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम त्रिपाठी शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि अब जनपद में कोई भी व्यक्ति सड़क दुर्घटना के बाद असहाय अवस्था में सड़क पर पड़ा नहीं रहेगा। संगठन से जुड़े ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक दुर्घटना में घायल लोगों को निःशुल्क प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा अस्पताल तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे।
डॉ. प्रेम त्रिपाठी ने कहा कि यदि सरकार ग्रामीण स्वास्थ्य सेवकों को विधिवत प्रशिक्षण देकर प्राथमिक उपचार के लिए मान्यता प्रदान करती है, तो ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्वास्थ्य सेवकों के मुद्दे को संगठन वर्ष 2017 से लगातार उठाता आ रहा है। इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री उत्तर प्रदेश श्री ब्रजेश पाठक, श्रम मंत्री श्री ओमप्रकाश राजभर तथा स्वास्थ्य निदेशक उत्तर प्रदेश से मुलाकात कर ग्रामीण स्वास्थ्य सेवकों को प्रशिक्षण देने की मांग की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि सांसद रूपा गांगुली एवं सांसद राघव चड्ढा द्वारा भी सदन में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवकों का मुद्दा उठाया जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि सरकार ग्रामीण स्वास्थ्य सेवकों को प्रशिक्षण देने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाती है तो संगठन आने वाले समय में विशाल प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा।
राष्ट्रीय महासचिव डॉ. सुनील चौधरी ने कहा कि संगठन की ओर से ग्रामीण स्वास्थ्य सेवकों को निःशुल्क प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण देकर उनकी कार्यक्षमता एवं गुणवत्ता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार रंजन ने संगठन के विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक संगठन की पहुंच बढ़ाकर अधिक से अधिक स्वास्थ्य सेवकों को जोड़ा जाएगा। क्षेत्रीय अध्यक्ष गोरखपुर डॉ. ध्रुव कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
महिला मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. रेनू बाला ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की शुरुआत की। जिला अध्यक्ष बस्ती डॉ. एन.के. चौहान ने संगठन के उद्देश्यों एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा करते हुए उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन बस्ती मंडल अध्यक्ष डॉ. लाल जी आजाद ने किया।
बैठक के दौरान संगठन का विस्तार करते हुए राहुल मद्धेशिया को जिला अध्यक्ष जनपद संतकबीरनगर, जबकि डॉ. आर.के. गौतम, डॉ. आर.के. आजाद, डॉ. प्रेम चंद चौधरी एवं डॉ. राधेश्याम को जिला उपाध्यक्ष तथा डॉ. सत्यम विश्वास को जिला महासचिव और श्री रविन्द्र कुमार को आईटी सेल प्रभारी बस्ती घोषित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजेश कुमार, अमित पाल, अजीत कुमार, डॉ. रूपा चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।






