जब गोदाम में लगी आग, तो मौके से फरार हुआ चोर, साथी की हुई जलकर मौत
हापुड़ जिले के थाना देहात क्षेत्र में फर्नीचर के गोदाम में मिले अधजले शव की शिनाख्त सोहेल के रूप में हुई है। मृतक सोहेल चोर था, जो अपने साथी के साथ चोरी के इरादे से गोदाम में पहुंचा था। गोदाम में अंधेरा होने की वजह से सोहेल ने माचिस जलाई थी, जिससे आग इतनी जर्बदस्त लगी कि उसकी गोदाम में ही जलकर मौत हो गई, जबकि उसका साथी चोर सोहेल को गोदाम के अंदर ही छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अब मृतक के साथी चोर को भी गिरफ्तार करते हुए पूरी घटना का खुलासा किया है।
एएसपी मुकेश चन्द्र मिश्रा ने बताया कि थाना देहात क्षेत्र के लोधीपुर में पुलिस को संजय के फर्नीचर के गोदाम में आग लगने के बाद एक युवक का शव जली हुई अवस्था में मिला था। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी थी। एएसपी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पुलिस को पता चला कि दो चोर सोहेल उम्र 20 वर्ष निवासी मीनाक्षी रोड, कोतवाली और सरताज निवासी मौहल्ला चैनापुरी थाना देहात गोदाम की तरफ गये हैं। पुलिस ने जांच-पड़ताल की तो सामने आया कि सोहेल 23 मार्च के बाद से लापता है। जिसके बाद पुलिस ने सरताज को अपनी हिरासत में ले लिया। एएसपी मुकेश चन्द्र मिश्रा ने बताया कि पूछताछ में सरताज ने बताया कि वह सोहेल के साथ गोदाम में चोरी करने के लिए गया था। गोदाम में काफी अंधेरा था। सोहेल ने उजाला करने के लिए माचिस की तिली जलाई, जिसे उसने गोदाम में ही फेंक दिया। जली हुई तिली से गोदाम में रखे फर्नीचर में ऐसी आग लगी कि जिसने थोड़ी ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। वह किसी तरह मौके से बचकर भाग निकला, जबकि सोहेल अंदर गोदाम में ही फंसकर रह गया और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद वह अपने घर चला गया। पुलिस ने सरताज को गिरफ्तार करते हुए उसे जेल भेज दिया है।





