बिजली का बिल मांगा, तो... बीजेपी नेता ने छोटे भाई को मार दी गोली, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक बीजेपी नेता ने अपने ही छोटे भाई के गोली मार दी. घटना के पीछे का विवाद बिजली का बिल न देने को लेकर बताया जा रहा है. गोली मारने के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया, जबकि पेट में गोली लगने से गंभीर घायल हुए छोटे भाई को उपचार के लिए हापुड़ निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार कपूरपुर थाना क्षेत्र के गांव सपनावत निवासी जुगल किशोर शर्मा भाजपा में मंडल महामंत्री धौलाना है. वह किसी काम से बाहर गया था. इसी दौरान घर में छोटे भाई सोनू शर्मा की बिजली के बिल को लेकर कहासुनी हुई थी. बताया जा रहा है कि जब जुगल किशोर वापस घर आया तो परिवारवालों ने उसे विवाद की जानकारी दी. इसी को लेकर जुगल किशोर अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल लाया और अपने ही छोटे भाई सोमेन्द्र उर्फ सोनू पर एक के बाद एक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. तीन-चार राउंड फायरिंग के दौरान एक गोली सोनू के पेट में जा लगी, जिससे सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया. आनन-फानन में उसे उपचार के लिए हापुड़ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, घटना के बाद मौके से आरोपी बीजेपी नेता फरार हो गया. उधर, सूचना मिलते ही थाना कपूरपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
एएसपी राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि थाना कपूरपुर क्षेत्र के गांव सपनावत में बड़े भाई जुगल किशोर शर्मा के द्वारा अपने छोटे भाई सोमेंद्र उर्फ सोनू के गोली मारी गई है, जो उनके पेट में लगी है. घायल का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है. आरोपी भाई के मौके से फरार होने पर पुलिस की टीमें धर पकड़ के लिए जुटी हुई है. परिवारीजनों की तरफ से अभियोग पंजीकृत कराया जा रहा है।





