मेरठ के थाना टीपी नगर क्षेत्र में सालभर पहले हुए एडवोकेट अंजली गर्ग हत्याकांड में आरोपी नीरज शर्मा ने बड़ा खुलासा किया है अंजली की हत्या उसके पति, सास, ससुर ने मिलकर कराई नीरज ने कहा मुझे अब तक सुपारी के 20 लाख रुपए नहीं मिले।
जमानत पर बाहर आया नीरज शर्मा गुरुवार को कप्तान से मिलने पहुंचा। आरोपी का दावा है कि अंजली की हत्या उसके पति, सास, ससुर ने मिलकर कराई है। नीरज ने आरोप लगाया कि वारदात के मुख्य आरोपी ससुरालियों को पुलिस क्लीनचिट दे चुकी है। वहीं नीरज ने कहा कि उसे सुपारी के 20 लाख रुपए अब तक नहीं मिले।उसे सुपारी की रकम नहीं मिली और जेल भी चला गया। नीरज ने पुलिस को अंजली उसके पति और अपने बीच हुई बातों की कॉल रिकार्डिंग और कॉल डिटेल भी दिखाई। नीरज का आरोप है कि पुलिस सारे सुबूतों की दोबारा जांच करे।
7 जुलाई 2023 में टीपी नगर थाना क्षेत्र के उमेश विहार में सुबह साढ़े छह बजे एडवोकेट डॉ. अंजली गर्ग की उसके मकान की देहरी पर दो अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या की थी। अंजली दूध लेकर घर लौट रही थी। तभी किसी ने गेट पर उसे गोली मार दी। हत्याकांड की प्रारंभिक जांच में अंजली की सास सरला गुप्ता, ससुर पवन गुप्ता और पति नितिन गुप्ता को अरेस्ट किया था।संपत्ति विवाद के कारण इन लोगों ने अंजली को मार डाला। लेकिन पुलिस जांच में ये चीजें साबित नहीं हुईं, बाद में इन्हें क्लीनचिट देकर छोड़ दिया था।
बाद में पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए अंजली मर्डर केस में दो लाख की सुपारी देकर भाड़े के शूटरों से हत्या करवाने की बात बताई। हत्या का साजिशकर्ता यशपाल, सुरेश भाटी और नीरज शर्मा था। किराए पर शूटर अनुज उर्फ मनिहार था। तीनों को अरेस्ट कर जेल भेज दिया था।अंजली के पति, ससुर को क्लीन चिट दे दी थी। नीरज ही वो शख्स था, जिसने दो लाख रुपए में भाड़े के शूटर उपलब्ध कराए थे। दोनों शूटर हत्या के एक दिन पहले नीरज के घर रुके थे। इनके कब्जे से दो स्कूटी और तमंचा भी बरामद हुआ था
जेल से बाहर आए नीरज ने गुरुवार को एसएसपी दफ्तर पर अपनी शिकायत दी है। जिसमें लिखा कि उमेश विहार टीपी नगर में दिनांक 07-06-2023 को अधिवक्ता डा. अंजली गर्ग की सुबह दो अज्ञात व्यक्तियों ने गोली मार हत्या कर दी थी उसके बाद पुलिस ने अधिवक्ता अंजली गर्ग के सास-ससुर व पति को गिरफ्तार किया था दो दिन बाद पुलिस ने यशपाल, सुरेश भाटी, नीरज शर्मा व अनुज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था व अंजली के सुसराल वालों को छोड दिया था। जबकि अधिवक्ता अंजली को मरवाने में अंजली के ससुर पवन गुप्ता, सास सरला गुप्ता, पति नितिन गुप्ता और इनका साथी दुष्यन्त शर्मा का हाथ है। अंजली के सास-ससुर पति व दुष्यन्त शर्मा ने मुझे दिनांक 28-05-2023 को अपनी दुकान बुलाया और कहा कि तुम अंजली को मरवा दो, इसने हमें परेशान कर रखा है। सारी प्रॉपर्टी अपने कब्जे में ले रखी है। और बहुत सारे मुकदमें हम पर भी कर रखे है अंजली के मरने के बाद हम तुम्हें 20 लाख रुपए व पांच दुकान जो टीपी नगर में स्थित हैं वे तुम्हें देंगे। लेकिन हमारा कहीं भी नाम नहीं आना चाहिए जब पुलिस ने हमें गिरफ्तार किया तो हमने अंजली के पति सास ससुर व दुष्यन्त का नाम नहीं लिया और ना ही इनके बारे में कोई जानकारी बताई, क्योंकि इनसे हमारे पैसे तय थे। अब हमें अपनी गलती का पश्चताप है इसलिये हम सारी जानकारी दे रहे हैं।





