Type Here to Get Search Results !

अध्यापक हो तो ऐसा ,छात्रों ने किया प्रदर्शन

पीएम श्री विद्यालय के छात्रों का सड़क पर प्रदर्शन, ‘अवधेश सर को वापस लाओ’ के लगे नारे 



संभल जनपद संभल के विकासखंड बनियाखेड़ा की ग्राम पंचायत भारतल सिरसी स्थित पीएम श्री विद्यालय में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब दर्जनों छात्र-छात्राएं अपने शिक्षक को वापस लाने की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए। बच्चों ने “अवधेश सर को वापस लाओ” के नारे लगाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और अपने शिक्षक पर लगाए गए आरोपों को गलत बताते हुए उन्हें दोबारा विद्यालय में तैनात करने की मांग की।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार को स्कूल के कई छात्र-छात्राएं विद्यालय परिसर से निकलकर पास के बाजार क्षेत्र में एकत्र हो गए और नारेबाजी करने लगे। छात्रों का कहना था कि जब तक अवधेश सर विद्यालय में पढ़ाते थे, तब तक पढ़ाई का माहौल अच्छा था और सभी बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाया जाता था। बच्चों ने आरोप लगाया कि कुणछ अन्य शिक्षकों ने उन पर गलत आरोप लगाकर उन्हें निलंबित करा दिया है।

प्रदर्शन में शामिल छात्राओं का कहना था कि अवधेश सर के रहते पढ़ाई व्यवस्थित तरीके से होती थी, लेकिन उनके जाने के बाद पढ़ाई का स्तर गिर गया है। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ शिक्षक स्कूल में गुटखा खाते हैं और बच्चों के साथ अनुचित व्यवहार करते हैं, जिससे उनका मन पढ़ाई में नहीं लग रहा है। बच्चों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अवधेश सर को दोबारा विद्यालय में तैनात किया जाए।

वहीं ग्राम प्रधान भारतीय सूची चंद्रशेखर ने भी बच्चों की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि जब अवधेश शिक्षक विद्यालय में थे, तब पढ़ाई का माहौल बेहतर था और शिक्षा को प्राथमिकता दी जाती थी। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों के साथ शिक्षकों द्वारा गलत व्यवहार किया जा रहा है तो यह गंभीर विषय है और इसकी जांच जरूरी है।

इस संबंध में जब जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें अभी इस मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों द्वारा विद्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया है तो मामले की जानकारी लेकर जांच कराई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad